कोटा: पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल के रेल इतिहास में 15 जून 2026 एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में दर्ज होने जा रहा है। इस दिन पहली बार कोटा-उज्जैन सीधी मेमू रेल सेवा का संचालन प्रारंभ होगा। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस नई सेवा की शुरुआत की जा रही है।

15 जून से कोटा-उज्जैन सीधी मेमू रेल सेवा का शुभारम्भ

गाड़ी संख्या 61624/61623 कोटा–चौमहला मेमू सेवा के उज्जैन तक विस्तार के उपलक्ष्य में चौमहला एवं विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशनों पर भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किए जाएंगे।

सांसद दुष्यंत सिंह और वसुंधरा राजे करेंगे वर्चुअल शुभारंभ

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि प्रथम उद्घाटन कार्यक्रम प्रातः चौमहला रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा। इस अवसर पर झालावाड़-बारां के माननीय सांसद श्री दुष्यंत सिंह तथा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं झालरापाटन विधायक श्रीमती वसुंधरा राजे दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोटा-उज्जैन सीधी मेमू रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में माननीय विधायक, डग श्री कालूराम की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

Advertisement

उन्होंने बताया कि दूसरा उद्घाटन समारोह विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें उज्जैन के माननीय सांसद श्री अनिल फिरोजिया हरी झंडी दिखाकर सेवा विस्तार का शुभारंभ करेंगे। इसमें माननीय विधायक, आलोट डॉ. चिंतामणि मालवीय की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

कोटा-उज्जैन मेमू ट्रेन की नई समय-सारिणी

नई समय-सारिणी के अनुसार गाड़ी संख्या 61624 कोटा से प्रातः 5:40 बजे प्रस्थान कर रामगंज मंडी (07:05 बजे), भवानी मंडी (07:33 बजे), शामगढ़ (08:05 बजे), चौमहला (08:38 बजे), विक्रमगढ़ आलोट (09:13 बजे) एवं नागदा (10:30 बजे) होते हुए दोपहर 12:00 बजे उज्जैन पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 61623 उज्जैन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर नागदा (14:10 बजे), चौमहला (15:25 बजे), शामगढ़ (15:53 बजे), भवानी मंडी (16:28 बजे) एवं रामगंज मंडी (16:58 बजे) होते हुए सायं 19:05 बजे कोटा पहुंचेगी।

सिंहस्थ महापर्व और यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

श्री जैन ने बताया कि आगामी सिंहस्थ महापर्व को दृष्टिगत रखते हुए उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह सेवा विस्तार किया गया है। इससे कोटा मंडल के यात्रियों को धार्मिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर उज्जैन तक बिना ट्रेन बदले सीधी यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों एवं आम नागरिकों को आवागमन में विशेष सुविधा प्राप्त होगी तथा नागदा जंक्शन पर बीना तथा मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए बेहतर रेल संपर्क भी प्राप्त होगा।

इसे भी पढ़ें (ताज़ा ख़बरें):

अतिरिक्त महत्वपूर्ण कड़ियाँ (External Links):

  • पश्चिम मध्य रेलवे की ताज़ा अपडेट्स और निर्देश: WCR Official Website
  • रेलवे पूछताछ और समय सारिणी के लिए: NTES
  • अन्य ताज़ा रेलवे ख़बरें: Railway News
कैलाश विश्वकर्मा