कोटा: यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। रामगंज मंडी–भोपाल रेलखंड पर मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में 4 नए रेलवे स्टेशन एवं हॉल्ट स्टेशनों को यात्री यातायात के लिए अधिसूचित कर दिया गया है। इन स्टेशनों पर पहली यात्री ट्रेन के संचालन के साथ ही रेल सेवाएं प्रारंभ हो जाएंगी, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा।
यात्रियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा इन स्टेशनों को यात्री सेवा के लिए अधिसूचित किया गया है। इससे राजगढ़ जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी तथा यात्रियों को टिकटिंग एवं यात्रा संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। राजगढ़ जिले में 4 नए रेलवे स्टेशन खुलने से स्थानीय निवासियों के लिए आवागमन अब और अधिक सुगम हो जाएगा।
इन स्टेशनों पर मिलेगी यूटीएस (UTS) और पीआरएस (PRS) की सुविधा
अधिसूचना के अनुसार भोजपुर हॉल्ट (BOPR) एवं देवपुरा गड़िया हॉल्ट (DPGA) को एचजी-3 (HG-3) श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों को अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) के माध्यम से टिकट उपलब्ध होंगे।
वहीं खिलचीपुर (KCPR) एवं राजगढ़ सिटी (RGCT) को एनएसजी-6 (NSG-6) श्रेणी के पूर्ण स्टेशन के रूप में अधिसूचित किया गया है, जहां यात्रियों को अनारक्षित टिकटों के साथ-साथ आरक्षित टिकट प्रणाली (पीआरएस) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
व्यापार और रोजगार को मिलेगा प्रोत्साहन
श्री जैन ने बताया कि सभी स्टेशनों पर आवश्यक यात्री सुविधाएं एवं टिकटिंग व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के बाद ट्रेनों का ठहराव प्रारंभ किया जाएगा। इन स्टेशनों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों की रेल सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा स्थानीय व्यापार, रोजगार एवं सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
– वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक / जन सम्पर्क अधिकारी, कोटा
देश, दुनिया और रेलवे से जुड़ी ताज़ा ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।