गरोठ/मंदसौर: मंदसौर पुलिस (Mandsaur Police) ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। गरोठ पुलिस ने थाना क्षेत्र में दबिश देकर अवैध देशी कच्ची शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से भारी मात्रा में शराब तथा लहान जब्त किया है।
खेत पर चल रहा था अवैध शराब का कारोबार
मंदसौर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के सख्त निर्देशों पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर लगाम कसी जा रही है। इसी कड़ी में गरोठ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने खेत पर स्थित कुएं के पास बनी परछान में प्लास्टिक के केनों में अवैध शराब छिपाकर बैठा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्रीमती हेमलता कुरील और एसडीओपी श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में सउनि धन्नालाल योगी और उनकी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भानपुरा रोड स्थित उनारा के मार में मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी की।
आरोपी अर्जुन सिंह गिरफ्तार, 60 लीटर शराब जब्त
पुलिस टीम ने मौके से एक व्यक्ति को धर दबोचा, जिसने अपना नाम अर्जुन सिंह पिता करण सिंह (उम्र 45 साल), निवासी चिकनिया, थाना गरोठ बताया। पुलिस ने जब उसके पास रखी प्लास्टिक की केनों को खोला तो उसमें से तेज गंध आ रही थी। जांच करने पर पता चला कि सफेद और पीले रंग की केनों में 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब थी, जिसकी कीमत लगभग 6000 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दो नीले रंग की केनों में शराब बनाने का ‘लहान’ (कच्चा माल) भी पाया गया।
यह भी पढ़ें: शामगढ़ पुलिस का एक्शन: 22 किलो डोडाचूरा के साथ स्विफ्ट कार जब्त
थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के कड़े तेवर: शराब माफियाओं में मचा हड़कंप
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी अर्जुन सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ म.प्र. आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव, सउनि धन्नालाल योगी और उनकी पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस इलाके में शराब के अन्य नेटवर्क को लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें: आगर मालवा पुलिस का बड़ा एक्शन: सालों से फरार कुख्यात तस्कर सलीम उर्फ शेरु को बड़ौद पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
यह भी पढ़ें: मंदसौर ब्रेकिंग: झारडा से कित्तूखेड़ी के बीच भीषण सड़क हादसा, मोटरसाइकिल सवार प्रभु सिंह बुरी तरह घायल
देश, दुनिया और मध्य प्रदेश की क्राइम की ताज़ा और प्रामाणिक ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।
