शामगढ़ (मंदसौर): दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस वे पर एक हॉलीवुड फिल्म जैसा नजारा देखने को मिला! पुलिस मुख्यालय के कड़े निर्देशों के बाद मंदसौर जिले की शामगढ़ पुलिस ने एक बड़े मादक पदार्थ (Drugs) तस्कर के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की दबंग टीम ने एक सफेद रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 22 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त कर तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।
फ़िल्मी स्टाइल में तस्कर का पीछा, तालाब किनारे छोड़ी कार
पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीना के कड़े निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) श्रीमती हेमलता कुरील व एसडीओपी (सीतामऊ) श्री दिनेश प्रजापति के सटीक मार्गदर्शन में 23 मई 2026 को पुलिस टीम एक्सप्रेस वे के नीचे ग्राम साकरियाखेड़ी अंडरब्रिज पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार आती दिखी।
पुलिस ने जैसे ही कार को रोकने का इशारा किया, चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। पुलिस ने भी फ़िल्मी स्टाइल में तस्कर का पीछा किया। घबराकर तस्कर ने अपनी कार ग्राम सगोरिया के कच्चे रास्ते पर मगरे के पास तालाब के किनारे रोक दी और कार छोड़कर खेतों के रास्ते रफूचक्कर हो गया।
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन मुस्कान: आगर पुलिस ने 2500 किमी का सफर तय कर नाबालिग को अमृतसर से किया दस्तयाब
कार की डिक्की खोलते ही उड़े पुलिस के होश
जब पुलिस टीम ने तालाब किनारे लावारिस खड़ी स्विफ्ट कार की तलाशी ली, तो उसमें से एक दो नहीं, बल्कि पूरे 22 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत 44,000 रुपये कीमत का मादक पदार्थ और 6,00,000 रुपये की सफेद स्विफ्ट कार (बिना नंबर) को जब्त कर लिया। इस बड़ी जब्ती से इलाके के ड्रग माफियाओं में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही धाकड़ भूमिका
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए इस ‘क्लीन स्वीप’ अभियान में थाना प्रभारी शामगढ़ उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय की दबंग और अहम भूमिका रही। इस साहसिक कार्रवाई में उनकी टीम के जांबाज साथी—सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) शारदा प्रसाद तिवारी, आरक्षक धर्मेश बैरागी, आरक्षक विशाल चौहान, आरक्षक प्रेम कुमार और आरक्षक हीरालाल का सराहनीय योगदान रहा।
यह भी पढ़ें: विश्व पर्यावरण दिवस 2026: कोटा मंडल ने सौर ऊर्जा से बचाए ₹5 करोड़
देश, दुनिया और मध्य प्रदेश की क्राइम की ताज़ा और प्रामाणिक ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।
