नई दिल्ली। भारत सरकार ने आज, 13 जुलाई 2026 को पूरे देश में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस मौके पर देशभर में सभी सरकारी इमारतों और उन स्थानों पर, जहाँ नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही आज कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
क्यों घोषित किया गया है राष्ट्रीय शोक?
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, कतर के पूर्व शासक (फ़ादर अमीर) महामहिम शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल-थानी के निधन के सम्मान में भारत सरकार ने यह निर्णय लिया है। उनका हाल ही में निधन हो गया है।
कतर जाएंगे केंद्रीय मंत्री
भारत और कतर के बीच मजबूत कूटनीतिक और मैत्रिपूर्ण संबंधों को ध्यान में रखते हुए, संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू जल्द ही कतर का दौरा करेंगे। उम्मीद है कि वे वहां जाकर भारत सरकार और देश की जनता की ओर से कतर के शाही परिवार और वहां के नागरिकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करेंगे।
शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल-थानी के निधन से अरब जगत में शोक की लहर है। उन्होंने कतर के आधुनिकीकरण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके सम्मान में भारत का यह कदम दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ संबंधों को दर्शाता है।

