नीमच। प्रदेशभर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस को एक बड़ी और सनसनीखेज सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की पक्की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस की डिक्की में छिपाकर ले जाया जा रहा 5 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। इस मामले में राजस्थान के एक शातिर तस्कर को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए मादक पदार्थ, बस और अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 65 लाख 85 हजार रुपये आंकी गई है!

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के सख्त निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन में और थाना नीमच सिटी प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस टीम को एक विश्वसनीय मुखबिर से भनक लगी थी कि एक यात्री बस के जरिए अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप की तस्करी की जा रही है।

Sardar Patel Hospital Advertisement

Advertisement

सूचना मिलते ही बिना कोई समय गंवाए पुलिस टीम ने फोरलेन स्थित जेतपुरा फंटे से चौथखेड़ा फंटे के बीच फार्म फील्स ढाबे के पास जबरदस्त घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बी.आर. ट्रेवल्स की बस को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। बस की डिक्की में छह सफेद कट्टों के अंदर कुल 5 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बड़ी ही चालाकी से छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने मौके से ही आरोपी बंशीलाल पिता बुधाराम विश्नोई (उम्र 38 वर्ष), निवासी ग्राम झरिया, थाना मतोडा, जिला फलोदी (हाल मुकाम कुड़ी, थाना पंचपद्रा, जिला बालोतरा, राजस्थान) को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डोडाचूरा, तस्करी में प्रयुक्त बी.आर. ट्रेवल्स की बस तथा एक विवो मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ थाना नीमच सिटी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर सघन पूछताछ और विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात का गहराई से पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह डोडाचूरा आखिर कहां से लाया गया था, इसे किस ठिकाने तक पहुंचाया जाना था, और इस बड़े तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन से सफेदपोश लोग शामिल हैं। पुलिस ने दो टूक चेतावनी दी है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा!

कैलाश विश्वकर्मा