भावगढ़/मंदसौर। नशे के सौदागरों के खिलाफ मंदसौर पुलिस का महा-अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए, भावगढ़ पुलिस ने दिनदहाड़े मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे दो तस्करों को फिल्मी अंदाज में धर दबोचा है। पुलिस की इस दमदार कार्रवाई से नशा माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन बिछ चुका था जाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 जुलाई 2026 को भावगढ़-दलोदा रोड पर पुलिस सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बजाज CT-100 मोटरसाइकिल (MP 44 MU 5749) पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। उन दोनों के बीच एक सफेद रंग का प्लास्टिक का कट्टा (बोरा) रखा हुआ था। पुलिस की चेकिंग देखकर तस्कर घबरा गए और अपनी बाइक मोड़कर तेज रफ्तार से भागने लगे। लेकिन मुस्तैद भावगढ़ पुलिस ने बिना कोई मौका दिए हमराह फोर्स की मदद से घेराबंदी कर उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।

Sardar Patel Hospital Advertisement

Advertisement

25 किलो डोडाचूरा बरामद, मुख्य सप्लायर फरार
पुलिस ने जब दोनों को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की, तो चालक ने अपना नाम लखन पिता गोपाल सूर्यवंशी (22 वर्ष) और पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम जीवन पिता पन्नालाल सूर्यवंशी (28 वर्ष), दोनों निवासी मजेसरी, थाना भावगढ़ बताया। जब पुलिस ने उनके सफेद कट्टे की तलाशी ली, तो उसमें 25 किलोग्राम अवैध पिसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि यह मादक पदार्थ उन्हें प्रहलाद पिता गोपाल सूर्यवंशी (निवासी मजेसरी) ने दिया था। पुलिस ने प्रहलाद को भी सह-आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार चल रहा है और उसकी सरगर्मी से तलाश जारी है।

एक लाख से ज्यादा का मश्रुका जप्त
इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने 25 किलो डोडाचूरा (कीमत लगभग 40 हजार रुपये), तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत 50 हजार रुपये) और 2 मोबाइल फोन (विवो और ओप्पो) जप्त किए हैं। जप्त किए गए कुल मश्रुका की कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 131/2026 धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

इन जांबाजों का रहा विशेष योगदान:
दिनदहाड़े तस्करों को दबोचने की इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टी.एस. सिंह बघेल और एसडीओपी (ग्रामीण) श्रीमती कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना भावगढ़ के निरीक्षक वरसिंह कटारा, उपनिरीक्षक सुरेन्द्रसिंह सिसौदिया, प्रधान आरक्षक 196 ओम प्रकाश चौहान, आरक्षक 141 राजपालसिंह, आरक्षक 85 सुरेन्द्रसिंह, आरक्षक 525 शुभमसिंह बुन्देला और आरक्षक 355 करणसिंह का अत्यंत सराहनीय और जांबाज योगदान रहा।

कैलाश विश्वकर्मा