मंदसौर: जिले की दलोदा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 ग्राम स्मैक पाउडर, 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा, एक एक्टिवा स्कूटी तथा दो मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.06 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल तथा एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलोदा उपनिरीक्षक रविंद्र प्रताप डांगी एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।

विवरण: गिरफ्तार पति-पत्नी पुलिस टीम के साथ।
मुखबिर की सूचना पर श्मशान घाट के पास घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को उपनिरीक्षक कैलाश बघेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी से अवैध मादक पदार्थ ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर दलोदा-धुंधड़का रोड स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान स्कूटी पर सवार एक युवक और उसके पीछे बैठी महिला को रोककर तलाशी ली गई।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान और बरामदगी
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शिवा उर्फ शिवनारायण परिहार (34 वर्ष) निवासी अंबिका नगर, दलोदा तथा उसकी पत्नी नीलू (31 वर्ष) निवासी अंबिका नगर, दलोदा के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 ग्राम स्मैक पाउडर एवं 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थों के अलावा परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP ZH 6438 तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किए। इस मामले में थाना दलोदा पर अपराध क्रमांक 255/2026 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 एवं 8/15 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
आरोपी शिवा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शिवा के खिलाफ रतलाम जिले के जावरा शहर थाना क्षेत्र में भी अवैध मादक पदार्थ तस्करी का प्रकरण दर्ज है, जबकि उसके विरुद्ध भावगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी और मारपीट के मामले भी दर्ज पाए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र प्रताप डांगी, उपनिरीक्षक कैलाश बघेल, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह तथा प्रधान आरक्षक जितेंद्र द्विवेदी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कैलाश विश्वकर्मा
मुख्य संपादक, यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya)
कैलाश विश्वकर्मा पिछले कई वर्षों से शिक्षा, कानून-व्यवस्था, नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और स्थानीय शासन से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष पत्रकारिता कर रहे हैं.
– कैलाश विश्वकर्मा, मुख्य संपादक, यशस्वी दुनिया
देश, मध्य प्रदेश और मालवा क्षेत्र की ताज़ा ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।
