भानपुरा- पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक जिला मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्री रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ श्री विजय कुमार यादव के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री रमेश चंद्र दांगी के नेतृत्व में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ थाना परिसर से डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री रोहित रणावत, तहसीलदार श्री मुकेश निगम तथा थाना प्रभारी निरीक्षक श्री रमेश चंद्र दांगी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
रैली थाना भानपुरा से प्रारंभ होकर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, नीमथूर दरवाजा, सदर बाजार, जगदीश मंदिर, रामपुरा गेट, नया बस स्टैंड होते हुए जय स्तंभ पहुंची। रैली के अग्रभाग में नशा मुक्ति पर आधारित जागरूकता गीतों की सुमधुर धुन वातावरण को प्रेरणादायी बना रही थी। हाथों में “नशे से दूरी है जरूरी”, “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो” एवं अन्य जनजागरण संदेशों वाले पोस्टर एवं तख्तियां लिए छात्र-छात्राएं, अधिकारी, कर्मचारी तथा नागरिक अनुशासित ढंग से रैली में शामिल हुए। पूरे मार्ग में आमजन ने रैली का स्वागत करते हुए अभियान की सराहना की।
रैली में मंडल अध्यक्ष श्री आदित्य मंगरोलिया, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्राचार्य श्री बाबूलाल अहीर, पार्षद श्री सुभाष बागड़ी एवं डॉ. जाकिर, कस्बा पटवारी श्री दिनेश जोशी, उप निरीक्षक श्री बापू सिंह बामणिया, प्रेस क्लब के पदाधिकारी, पत्रकारगण, शिक्षकगण, पुलिस, नगर परिषद, राजस्व एवं विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर भानपुरा के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जय स्तंभ स्थित समापन कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री रोहित रणावत ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री रमेश चंद्र दांगी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्र में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने, अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने तथा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
रैली के समापन उपरांत प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाजहित में नशामुक्ति का संकल्प दोहराते हुए हुआ। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस एवं प्रशासन की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जन-जागरूकता अभियान समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।