कोटा (Kota): पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों के संचालन में शत-प्रतिशत समयपालन (Punctuality) अर्जित करते हुए भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में तीसरी बार हासिल की गई है, जो मंडल की उत्कृष्ट परिचालन क्षमता, सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली एवं रेल कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों को दर्शाती है।
चालू वित्त वर्ष में तीसरी बार शत-प्रतिशत समयपालन की उपलब्धि
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि इससे पूर्व 4 मई एवं 5 मई 2026 को भी कोटा मंडल ने शत-प्रतिशत समयपालन का उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। इनमें 4 मई को भी मंडल ने भारतीय रेलवे के समस्त मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने बताया कि मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 10 बार तथा वित्त वर्ष 2025-26 में 8 बार शत-प्रतिशत समयपालन का रिकॉर्ड बनाया है।
वंदे भारत ट्रायल के साथ बेहतर परिचालन प्रबंधन
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान कोटा मंडल में वंदे भारत ट्रेन का सघन ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस ट्रायल रन के बावजूद नियमित मेल/एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के संचालन पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया गया। यह उपलब्धि मंडल की बेहतर समन्वय क्षमता, कुशल टाइम-टेबल प्रबंधन एवं उत्कृष्ट परिचालन प्रबंधन का जीता-जागता प्रमाण है।
DRM श्री अनिल कालरा ने दी बधाई
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री अनिल कालरा के मार्गदर्शन में कोटा मंडल सुरक्षित, समयबद्ध एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। मंडल प्रशासन ने इस रिकॉर्ड सफलता के लिए सभी परिचालन विभाग के कर्मचारियों, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट और नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों को बधाई दी है। मंडल भविष्य में भी परिचालन उत्कृष्टता एवं यात्री सुविधाओं के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
🔗 यह भी पढ़ें (Related News):
- देश की बड़ी उपलब्धि: भारत की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन पटरियों पर दौड़ने को तैयार, जिंद-सोनीपत खंड पर 75 किमी/घंटे की रफ़्तार से चलेगी
- सनसनीखेज एनकाउंटर: नारायणगढ़ पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर भाग रहे थे तस्कर, फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर दबोचे!
- ईद-उल-अज़हा को लेकर आगर मालवा पुलिस मुस्तैद: एसपी दिलीप कुमार सोनी ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश