नीमच: जिलें में बढ़ते सायबर अपराधों की रोकथाम हेतु जिला नीमच में लगातार कार्यवाही की जा रही है साथ ही जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। सायबर अपराधों की शिकायतों में पीड़ित/आवेदक को थानें पर ही उचित समाधान मिल सकें व उसे इधर उधर न भटकना पड़े, इसी बात को ध्यान में रखते हुए, पुलिस थानों में सायबर अपराधों के लिये दक्ष पुलिसकर्मी हो, इसके लिये, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास द्वारा जिलें के पुलिस थानों में सायबर हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है।
सायबर हेल्प डेस्क हेतु प्रशिक्षण की विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। पुलिस थानों में सायबर हेल्प डेस्क हेतु दिनांक 23.05.2026 को पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास की उपस्थिति में जिलें के प्रत्येक पुलिस थानें से 03-03 आरक्षक व प्रधान आरक्षक स्तर के करीब 30 पुलिस कर्मियों के लिये एक दिवसीय विशेष सायबर प्रशिक्षण का आयोजन पुलिस कन्ट्रोल रूम नीमच पर किया गया।
ऑनलाइन पोर्टलों की कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण
उक्त प्रशिक्षण में पुलिस कर्मियों को पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास सहित सायबर सेल जिला नीमच के कर्मचारियों द्वारा सायबर अपराधों व विभिन्न फ्रॉड के निदान हेतु भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि उसका किस प्रकार बेहतर उपयोग कर, थाने में सायबर अपराधों की शिकायत लेकर आने वाले पीड़ितों की मदद की जाए ताकि उनकी समस्या का निदान जल्द से जल्द हो सके।
त्वरित समाधान के लिए निर्देश
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई भी पीड़ित किसी भी प्रकार की सायबर अपराधों की शिकायत लेकर आता है तो उस पर बताई गयी उचित कार्यवाही करें, जरूरत पड़े तो सायबर सेल से संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त करें, बस हमारा ये ही ध्येय हो कि पीड़ित को हम त्वरित समाधान दिला सके।