कोटा। भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कोटा जंक्शन पर 16 मई से 30 जून 2026 तक संचालित निःशुल्क पेयजल एवं शरबत सेवा अभियान का मंगलवार को समापन हुआ। इस 46 दिवसीय अभियान के माध्यम से हजारों यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जन सम्पर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा एक स्थानीय सेवाभावी संस्था के सहयोग से संचालित इस अभियान में लगभग 60 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स ने प्रतिदिन स्टेशन परिसर में सेवा प्रदान की। स्वयंसेवकों ने विभिन्न ट्रेनों के यात्रियों को शीतल जल एवं शरबत वितरित कर राहत पहुंचाई।
समापन कार्यक्रम के दौरान स्टेशन निदेशक श्री शशिभूषण शर्मा, स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) श्री विकास गुप्ता, स्काउट्स-गाइड्स सहित स्टेशन के कर्मचारियों ने भी यात्रियों को शीतल जल वितरित किया। कोटा मंडल ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।



