कोटा (Railway News): पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय रेल संपर्क को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने कोटा से उज्जैन सीधी मेमू सेवा को स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब कोटा-चौमहला मेमू सेवा (गाड़ी संख्या 61624/61623) का विस्तार नई समय सारणी के साथ उज्जैन तक कर दिया गया है।

यात्रियों की लंबे समय से थी मांग

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि कोटा मंडल से नागदा, उज्जैन और रतलाम तक मेमू सेवा विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी। हालांकि, नागदा-रतलाम मार्ग अत्यंत व्यस्त होने के कारण रतलाम तक विस्तार संभव नहीं हो सका, लेकिन रेलवे बोर्ड ने विकल्प के तौर पर कोटा-चौमहला मेमू सेवा को उज्जैन तक विस्तारित कर दिया है। इस सीधी मेमू ट्रेन से धार्मिक, शैक्षणिक और व्यापारिक रूप से यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

नागदा एवं चौमहला की सुविधाएं रहेंगी यथावत

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पुनर्गठन से किसी भी स्टेशन की वर्तमान रेल सेवा को समाप्त नहीं किया गया है। रामगंज मंडी, भवानी मंडी, शामगढ़, चौमहला, आलोट, महिदपुर और नागदा सहित सभी मध्यवर्ती स्टेशनों के यात्रियों को पहले की तरह रेल सुविधाएं मिलती रहेंगी।

Advertisement

इसे भी पढ़ें (ताज़ा रेलवे न्यूज़):

कोटा-उज्जैन मेमू की नई समय-सारणी

गाड़ी संख्या 61624 कोटा-उज्जैन मेमू: यह ट्रेन कोटा से सुबह 05:45 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद 07:06 बजे रामगंज मंडी, 07:33 बजे भवानी मंडी, 08:09 बजे शामगढ़, 08:44 बजे चौमहला, 10:30 बजे नागदा होते हुए दोपहर 12:00 बजे उज्जैन पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 61623 उज्जैन-कोटा मेमू: वापसी में यह ट्रेन उज्जैन से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद 14:10 बजे नागदा, 15:24 बजे चौमहला, 15:53 बजे शामगढ़, 16:26 बजे भवानी मंडी और 16:58 बजे रामगंज मंडी होते हुए शाम 19:00 बजे कोटा पहुंचेगी।

बीना और मध्य प्रदेश के अन्य शहरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी

नई समय सारणी के अनुसार कोटा-उज्जैन मेमू ट्रेन (61624) सुबह 10:30 बजे नागदा पहुंचेगी। इससे नागदा जंक्शन पर बीना तथा मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों से यात्रियों को सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी।

कोटा-चौमहला मेमू (61616/61615) का संचालन स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्ववत जारी रहेगा। रेलवे से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट (www.enquiry.indianrail.gov.in) या NTES ऐप का उपयोग करें।


संपादक: कैलाश विश्वकर्मा
देश, दुनिया और रेलवे से जुड़ी प्रामाणिक ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।
🔗 ताज़ा ख़बरें |
🔗 मंदसौर की ख़बरें

कैलाश विश्वकर्मा