मंदसौर ब्रेकिंग न्यूज़ (Mandsaur Breaking News): जिले के कचनारा चौकी क्षेत्र में शनिवार (30/05/2026) की रात लगभग 11 बजे केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जावरा की ओर से पीछा करते हुए आई CBN की टीम ने कचनारा में पेट्रोल पंप के पास और इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल गोदाम के सामने एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर भारी मात्रा में डोडाचूरा (Poppy Husk) जब्त किया है।
CBN की डोडाचूरा तस्करों पर बड़ी स्ट्राइक
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, CBN की टीम जावरा तरफ से ही इस कार का पीछा कर रही थी। कचनारा चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। मौके पर की गई कार्रवाई में टीम ने 2 आरोपियों को डोडाचूरा सहित गिरफ्तार किया है। सूत्र बताते हैं कि पकड़े गए दोनों आरोपी भी जावरा के आस-पास के ही रहने वाले हैं। कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम आरोपियों और जब्त स्विफ्ट कार के साथ मादक पदार्थ को लेकर वापस जावरा की तरफ रवाना हो गई।
महत्वपूर्ण नोट (Disclaimer): यह पूरी खबर शनिवार रात्रि 11 बजे सोशल मीडिया और स्थानीय सूत्रों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। खबर की विस्तृत और आधिकारिक पुष्टि के लिए विभाग द्वारा जारी अधिकृत प्रेस नोट का इंतज़ार किया जा रहा है।
Advertisement
कचनारा चौकी पर स्थाई प्रभारी की आवश्यकता
गौरतलब है कि कचनारा चौकी क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर बाहरी टीम (अन्य थानों या एजेंसियों) द्वारा की गई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही इन बड़ी कार्रवाइयों के बाद क्षेत्र में पुलिस कप्तान (SP) द्वारा जल्द से जल्द कचनारा चौकी पर एक सक्षम ‘चौकी प्रभारी’ नियुक्त करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर स्थानीय स्तर पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अन्य बड़ी खबर: खडपालिया के किसान का मंदसौर में धरना
एक अन्य मामले में, मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम खडपालिया के एक पीड़ित किसान परिवार ने मंदसौर के गांधी चौराहे पर धरना शुरू कर दिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोगों द्वारा उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। न्याय की गुहार लगाते हुए परिवार धरने पर बैठा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और मामले की जांच व समझाइश का दौर जारी है।