Explore

Search

April 27, 2026 8:26 pm

मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मादक पदार्थ तस्करों की 22 करोड़ से अधिक की संपत्ति सफेमा एक्ट में फ्रीज

मंदसौर।(kailash vishwakarma) जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों एवं उनके परिजनों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा कसा है। Smugglers and Foreign Exchange Manipulators (Forfeiture of Property) Act 1976 के अंतर्गत वर्ष 2026 में कुल 4 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 22 करोड़ 08 लाख 04 हजार रुपये की चल एवं अचल संपत्ति को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए हैं।

मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मादक पदार्थ तस्करों की 22 करोड़ से अधिक की संपत्ति सफेमा एक्ट में फ्रीज

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, तीन अलग-अलग थानों के चार मामलों में चार आरोपियों एवं उनके परिजनों की संपत्ति का विस्तृत वित्तीय अनुसंधान किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि इन आरोपियों ने मादक पदार्थों की तस्करी से भारी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की है। इसके बाद संबंधित थाना प्रभारियों एवं विवेचकों द्वारा संपत्ति का ब्यौरा एकत्रित कर फ्रीजिंग आदेश तैयार किए गए और प्रकरण सक्षम अधिकारी सफेमा, मुंबई के न्यायालय में प्रस्तुत किए गए।

मामलों की सुनवाई के दौरान आरोपियों एवं उनके परिजनों को नोटिस जारी कर उनका पक्ष सुना गया। सुनवाई के उपरांत सफेमा न्यायालय द्वारा चारों प्रकरणों में कुल 22 करोड़ 08 लाख 04 हजार रुपये की संपत्ति को फ्रीज करने के आदेशों की पुष्टि की गई।

यह कार्रवाई मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के तहत की गई है, जिसमें मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों की पहचान कर तस्करों और उनके परिजनों की संपत्ति का वित्तीय विश्लेषण करने के निर्देश दिए थे।

पुलिस ने 1 जनवरी 2026 से 27 अप्रैल 2026 तक की अवधि में इन चार प्रकरणों को चिन्हित कर विस्तृत जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति है, जो अवैध रूप से अर्जित की गई है। इसके आधार पर सभी मामलों में फ्रीजिंग की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के अंतर्गत थाना भावगढ़ के अपराध क्रमांक 118/10 में आरोपी रामविलास पिता कंवरलाल पाटीदार, निवासी रिण्डा, थाना अफजलपुर की 9 करोड़ 40 लाख 90 हजार रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की गई। इसी थाना भावगढ़ के एक अन्य मामले अपराध क्रमांक 127/13 में आरोपी लक्ष्मीनारायण पिता धन्नालाल कुमावत, निवासी कटलार की 4 करोड़ 92 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई।

थाना गरोठ के अपराध क्रमांक 436/25 में आरोपी कुशाल सिंह पिता विक्रमसिंह उर्फ गुड्डुसिंह सौधिया, निवासी बरखेड़ी मिठ्ठु की 6 करोड़ 84 लाख 50 हजार 500 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। वहीं थाना पिपलियामंडी के अपराध क्रमांक 208/25 में आरोपी उमराव सिंह पिता गोबर सिंह चौहान, निवासी तलाव पिपलिया की 9 करोड़ 06 लाख 3 हजार 513 रुपये की संपत्ति पर सफेमा न्यायालय मुंबई द्वारा फ्रीजिंग आदेश जारी किया गया।

पुलिस के अनुसार, इन चारों मामलों में कुल 21 करोड़ 18 हजार 100 रुपये की अचल संपत्ति और 1 करोड़ 07 लाख 85 हजार 913 रुपये की चल संपत्ति शामिल है। इस प्रकार कुल 22 करोड़ 08 लाख 04 हजार रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज किया गया है।

मंदसौर पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर