मंदसौर/दलौदा: मंदसौर जिले की दलौदा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से अवैध एमडी (MD) ड्रग्स और पिसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ है।
महू-नीमच हाईवे पर हुई घेराबंदी
मंदसौर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी दलौदा उ.नि. रविन्द्र प्रताप डांगी और उनकी टीम ने 13 जुलाई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर सांवरिया गौशाला के पास महू-नीमच हाईवे रोड पर घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को पकड़ा और जब उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम फिरोज पिता अब्दुल रहमान बताया।
लाखों का माल जप्त
पुलिस की तलाशी में आरोपी के पास से 20 ग्राम अवैध एमडी (MD) ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1,20,000 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा उसकी पीठ पर टंगे बैग में 2 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा भी मिला, जिसकी कीमत 4,000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक विवो कंपनी का मोबाइल भी जप्त किया है, जिसकी कीमत 20,000 रुपये बताई गई है।
आरोपी की पहचान
आरोपी की पहचान फिरोज पिता अब्दुल रहमान (उम्र 22 वर्ष) निवासी अभिनंदन कॉलोनी, पद्मावती रिसोर्ट के पास, मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी फिरोज के खिलाफ दलौदा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22, 15 के तहत अपराध क्र. 258/25 और बीएनएस की विभिन्न धाराओं 115(2), 118(1), 126(2), 296(b), 351(3), 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उ.नि. रविन्द्र प्रताप डांगी, स.उ.नि. तेजसिंह डामोर, आर. जितेन्द्र त्रिवेदी, आर. कमलेश शर्मा, आर. युवराजसिंह, और आर. सुनील की सराहनीय भूमिका रही।
