मंदसौर: शहर को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर की धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण शिवना नदी सौंदर्यकरण के लिए नगर पालिका की पीआईसी बैठक में परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना पशुपतिनाथ मंदिर के समीप स्थित पुल से लेकर काश्तकार होटल के नीचे तक विकसित की जाएगी।

नगर पालिका अध्यक्ष रामादेवी गुर्जर ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की दूरदर्शी सोच तथा शहर विकास के संकल्प के तहत सिंहस्थ मद से लगभग 13 करोड़ रुपए की लागत से यह कार्य कराया जाएगा। परियोजना का मुख्य उद्देश्य मंदसौर शहर की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पहचान को और अधिक आकर्षक बनाना है।

घाट, लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित होंगी

इस परियोजना के अंतर्गत शिवना नदी किनारे आकर्षक घाटों का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था वाले प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। साथ ही रोटरी का निर्माण कर क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।

Advertisement

इसके अलावा सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, सुंदर बगीचों का निर्माण होगा तथा व्यापक स्तर पर प्लांटेशन किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में आकर्षक विद्युत लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे रात्रि के समय भी क्षेत्र की सुंदरता देखने लायक होगी।

वाहन पार्किंग के लिए विशेष पार्किंग क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुविधा मिल सके।

धार्मिक और पर्यटन महत्व को मिलेगी नई पहचान

नगर पालिका अध्यक्ष रामादेवी गुर्जर ने कहा कि शिवना नदी एवं भगवान पशुपतिनाथ मंदिर मंदसौर की धार्मिक आस्था का केंद्र हैं। शिवना नदी सौंदर्यकरण परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहर की सुंदरता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार प्रदेश के विकास एवं जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

अन्य विशेष ख़बरें (Read Also):

महत्वपूर्ण बाहरी कड़ियाँ (External Resources):

कैलाश विश्वकर्मा