गरोठ (मंदसौर)। स्कूलों में छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक घटनाएं एक बार फिर चिंता का विषय बन गई हैं। गरोठ थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गंगासा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में एक खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ कक्षा 8वीं में पढ़ने वाले एक छात्र को उसी के सहपाठी ने मामूली विवाद के चलते चाकू घोंप दिया! इस खूनी वारदात के बाद पूरे स्कूल परिसर और गांव में हड़कंप मच गया है।

गाली-गलौज का विरोध करने पर निकाला चाकू

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की है। पीड़ित छात्र को उसका सहपाठी कथित तौर पर चिढ़ा रहा था और गाली-गलौज कर रहा था। जब पीड़ित छात्र ने इस बात का कड़ा विरोध किया और उसे ऐसा करने से मना किया, तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी छात्र ने गुस्से में अपना छोटा चाकू निकाल लिया और छात्र के बाएं पैर में घुटने के पास जोरदार वार कर दिया।

Sardar Patel Hospital Advertisement

Advertisement

चाकू लगने से छात्र लहूलुहान हो गया और खून बहने लगा। आरोप है कि हमलावर छात्र ने पीड़ित को डराते हुए कहा कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया या चिल्लाया, तो वह उसे जान से मार देगा।

यह भी पढ़ें: पिपलियामंडी पुलिस का ‘सिंघम’ अवतार: हाईवे पर फिल्मी चेज़, तस्कर की घेराबंदी और कंबल से निकली 1 किलो ‘काली मौत’!

लहूलुहान हालत में घर पहुंचा छात्र, परिजनों के उड़े होश

खून से लथपथ पैर के साथ जब छात्र रोते हुए अपने घर पहुंचा, तो उसके परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत उससे घटना की जानकारी ली और स्कूल प्रबंधन को इस खौफनाक वारदात के बारे में बताया। स्कूल में जानकारी लगने के बाद शिक्षकों ने आनन-फानन में छात्र के पैर पर पट्टी बांधी और प्राथमिक उपचार दिया।

गरोठ पुलिस का एक्शन, दर्ज हुई FIR

स्कूली छात्र पर हुए इस जानलेवा हमले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तुरंत मध्य प्रदेश पुलिस (MP Police) के गरोठ थाने में शिकायत दर्ज कराई। गरोठ पुलिस ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी सहपाठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 209(b) एवं 351(3) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरी घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

बच्चों में इस तरह का गुस्सा और स्कूल जैसी पवित्र जगह पर चाकूबाजी की घटना ने प्रशासन और अभिभावकों दोनों के लिए एक बड़ी चेतावनी खड़ी कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि स्कूल में वह छात्र हथियार (चाकू) लेकर कैसे दाखिल हुआ।

यह भी पढ़ें: शामगढ़ रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान

कैलाश विश्वकर्मा