सुवासरा: शहर में विकास कार्यों को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सुवासरा में रुणिजा बायपास सड़क निर्माण और उसे बस स्टैंड सीसी रोड से जोड़ने की नगर परिषद की योजना को लेकर मामला पूरी तरह से गरमा गया है। सड़क मार्ग में पिछले कई वर्षों से अपनी छोटी दुकानें और गुमटियां लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले व्यापारियों पर अब अतिक्रमण हटने की तलवार लटक रही है।

यह भी पढ़ें: 💥 बड़ौद पुलिस का बड़ा एक्शन: फिल्मी अंदाज में दबोचा गया NDPS का फरार बदमाश, MP-राजस्थान पुलिस को दे रहा था चकमा! 🚨

अल्टीमेटम के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी

नगर परिषद द्वारा मंगलवार को अचानक 8 गुमटीधारकों को नोटिस जारी किए जाने के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है। छोटे व्यापारियों में इस कार्रवाई को लेकर भारी नाराजगी और दहशत देखने को मिल रही है। गुमटी संचालकों ने नगर परिषद की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है। उनका साफ तौर पर कहना है कि वे किसी भी विकास कार्य के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन बिना वैकल्पिक व्यवस्था (Alternative Arrangement) के गुमटियां हटाना उनके रोजगार और पेट पर सीधा हमला होगा।

Advertisement

व्यापारियों का कहना है कि इन छोटी दुकानों की बदौलत ही उनके परिवारों का पालन-पोषण होता है। ऐसे में अचानक बेदखल किए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।

रुणिजा बायपास सड़क निर्माण सुवासरा

लंबी चर्चा के बाद बनी सहमति: नया स्थान मिलेगा

मामले को तूल पकड़ता देख नगर परिषद और प्रभावित गुमटीधारकों के बीच एक लंबी और अहम चर्चा हुई। गनीमत यह रही कि इस बातचीत के बाद फिलहाल दोनों पक्षों में एक सहमति बन गई है। नगर परिषद ने गुमटीधारकों को सीसी रोड की पूर्व दिशा में लेफ्ट साइड पर अन्य स्थान आवंटित करने की योजना पर अपनी सहमति दे दी है।

सैलून संचालक मांगिलाल सेन ने बताया कि इस कार्रवाई से प्रभावित होने वाली दुकानों में सैलून संचालक, सोफा सीट कवर व्यवसायी, बैंड-बाजा संचालक और घड़ी सुधारने वाले छोटे व्यापारी शामिल हैं, जो यहां वर्षों से अपना व्यवसाय कर रहे हैं।

सीएमओ का बयान: रविवार तक का अल्टीमेटम

वहीं, इस पूरे मामले पर प्रभारी सीएमओ जीवन रॉय माथुर ने यशस्वी दुनिया को बताया कि आठ दुकानों को रविवार तक हटाने का सख्त अल्टीमेटम दिया गया है। साथ ही नगर परिषद द्वारा इन्हें अन्य जगह स्थान दिए जाने की योजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। नगर परिषद का स्पष्ट कहना है कि रुणिजा बायपास सड़क निर्माण कार्य में बाधा बनने वाले किसी भी अतिक्रमण को हटाना बेहद जरूरी है, ताकि बायपास मार्ग को मुख्य सीसी रोड से बिना किसी बाधा के जोड़ा जा सके।

यह भी पढ़ें: आखिर क्यों इतना गर्म होता है नौतपा: देश नौतपे की चपेट में, क्या रखें सावधानी?


देश, दुनिया और मध्य प्रदेश की ताज़ा और प्रामाणिक ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।

कैलाश विश्वकर्मा