आगर मालवा: जिले में पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई की है। कई गंभीर मामलों और खास तौर पर NDPS का फरार बदमाश नाहरसिंह सौंधिया आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। यह शातिर अपराधी पिछले कई वर्षों से मध्यप्रदेश और राजस्थान पुलिस की आंखों में धूल झोंककर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
देर रात चला पुलिस का ‘फिल्मी ऑपरेशन’
बडौद थाना पुलिस को जैसे ही यह गुप्त सूचना मिली कि यह कुख्यात अपराधी आलोट रोड स्थित पंथवारी जोड़ इलाके में छिपा हुआ है, पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। देर रात चली इस अचूक दबिश कार्रवाई में आरोपी को भागने का रत्ती भर भी मौका नहीं मिला और पुलिस ने उसे फिल्मी अंदाज में धर दबोचा।
राजस्थान से लेकर MP तक दर्ज हैं अपराध
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नाहरसिंह पर एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं के कई खौफनाक प्रकरण दर्ज हैं। राजस्थान के जीआरपी अजमेर थाने में साल 2017 से एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाने में भी वह लंबे समय से वांटेड चल रहा था।
बताया जा रहा है कि यह आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिससे इलाके में उसकी दहशत बनी हुई थी। पुलिस काफी समय से इसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
इन जांबाजों की रही अहम भूमिका
यह पूरी साहसिक कार्रवाई आगर मालवा पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के सख्त निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा के कुशल मार्गदर्शन में, तथा थाना प्रभारी रूप सिंह बैस के शानदार नेतृत्व में की गई।
इस दबंग कार्रवाई में सउनि हरिनारायण सोलंकी, सउनि निर्मलदास बैरागी, प्रआर अर्जुन बागड़ी, प्रआर दिलीप भाटी, आरक्षक श्रीपालसिंह देवड़ा, आरक्षक राहुल विश्वकर्मा, आरक्षक शुभम जोशी, आरक्षक पोपसिंह और आरक्षक धर्मेन्द्र राजपूत की अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
देश, दुनिया और मध्य प्रदेश की क्राइम की ताज़ा ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।