मंदसौर (Mandsaur): मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिकअप वाहन के डाले में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर (स्कीम) में अवैध डोडाचूरा छिपाकर तस्करी कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 64.930 किलोग्राम डोडाचूरा, तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन, दो मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस टीम और जप्त डोडाचूरा

[फोटो: गरोठ पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी और जप्त डोडाचूरा]

Advertisement

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 30 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर की एक सफेद महिंद्रा पिकअप (HR 55 T 3151) में डोडाचूरा छिपाकर मेलखेड़ा की ओर से बर्डिया अमरा होते हुए 8 लेन मार्ग की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खजूरीरूंडा फंटा-मेळखेड़ा रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

Sardar Patel Hospital Advertisement

प्लास्टिक क्रेटों के नीचे गुप्त चैंबर

तलाशी के दौरान पिकअप के डाले में रखी प्लास्टिक की खाली 44 क्रेटों के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर से 64.930 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से वाहन चालक बलदेव सिंह पिता भजन सिंह (36 वर्ष), निवासी दिवाना, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।

गुप्त चैंबर

[फोटो: पिकअप वाहन में बनाया गया विशेष गुप्त चैंबर (स्कीम)]

लाखों की जब्ती, आगे की जांच जारी

जब्त किए गए डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा लगभग 10 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा पिकअप, दो मोबाइल फोन और 44 प्लास्टिक की क्रेट भी जब्त की गई हैं। कुल मिलाकर पुलिस ने एक बड़ी जब्ती की है।

पिकअप वाहन

[फोटो: तस्करी में प्रयुक्त हरियाणा पासिंग महिंद्रा पिकअप वाहन]

आरोपी के खिलाफ गरोठ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।

कैलाश विश्वकर्मा