अफजलपुर/मंदसौर। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के तहत मंदसौर जिले की अफजलपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और हैरतअंगेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। आधी रात को पुलिस की नाकेबंदी देखकर भाग रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को दबोचकर पुलिस ने 21 बोरों में भरा भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद किया है।
पुलिस चेकिंग देख मची हड़कंप, अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तस्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई की रात अफजलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुजरात पासिंग की एक काले रंग की लग्जरी स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर GJ 18 BN 6188) तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब टॉर्च दिखाकर गाड़ी को रोकने का इशारा किया, तो चालक के होश उड़ गए।
पकड़े जाने के डर से तस्कर ने गाड़ी की रफ्तार और तेज कर दी और पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए स्कॉर्पियो का पीछा किया। आगे रास्ता संकरा होने और पुलिस को बिल्कुल करीब आते देख तस्कर वाहन को वहीं छोड़कर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
स्कॉर्पियो खोलते ही उड़े उड़ गए होश: 21 कट्टों में भरा था 465 किलो डोडाचूरा
जब पुलिस टीम ने लावारिस हालत में पड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी की गहन तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। गाड़ी की सीटों को हटाकर उसमें काले रंग के प्लास्टिक के 21 बड़े कट्टे ठूँस-ठूँस कर भरे गए थे। कट्टों को खोलने पर उनमें 465 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ।
21 लाख 30 हजार रुपये का मश्रूका जब्त, FIR दर्ज
अफजलपुर पुलिस ने मौके से बरामद 465 किलो डोडाचूरा (कीमत लगभग 9 लाख 30 हजार रुपये) और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की स्कॉर्पियो कार (कीमत 12 लाख रुपये) सहित कुल 21 लाख 30 हजार रुपये का मश्रूका विधिवत जब्त कर लिया है।
थाना अफजलपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब वाहन के नंबर के आधार पर नेटवर्क और फरार तस्करों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
नशे के कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेरने वाली इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेरसिंह बघेल व अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मंदसौर ग्रामीण श्रीमती कीर्ति बघेल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं अफजलपुर थाना पुलिस टीम की बेहद महत्वपूर्ण और जांबाज भूमिका रही।

