Explore

Search

February 18, 2026 3:33 am

होली की छुट्टी पर परीक्षा…? शामगढ़ के अल्फोंसा कॉन्वेंट स्कूल पर उठे सवाल

शामगढ़। मध्य प्रदेश शासन द्वारा 3 मार्च को होली के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने के बावजूद शहर के प्रतिष्ठित अल्फोंसा कॉन्वेंट स्कूल द्वारा उसी दिन परीक्षाएं आयोजित किए जाने का टाइम टेबल सामने आया है। यह टाइम टेबल साप्ताहिक समाचार पत्र ‘यशस्वी दुनिया’ के हाथ लगा है, जिससे अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में असंतोष की स्थिति बन गई है।

शासन का स्पष्ट अवकाश, फिर भी परीक्षा का कार्यक्रम

मध्य प्रदेश शासन के आधिकारिक कैलेंडर में 3 मार्च को होली का शासकीय अवकाश घोषित है। शासन के आदेशानुसार इस दिन सभी शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहता है। इसके बावजूद अल्फोंसा कॉन्वेंट स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए गए परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 3 मार्च को नियमित परीक्षा आयोजित की जानी है।

अभिभावकों का कहना है कि जब पूरा देश होली के रंग में सराबोर होगा, तब बच्चों को परीक्षा के लिए स्कूल बुलाना न तो व्यावहारिक है और न ही संवेदनशील निर्णय।

अभिभावकों में नाराजगी

कुछ अभिभावकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वे दुविधा की स्थिति में हैं। एक ओर शासन द्वारा घोषित अवकाश है, दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम। उनका कहना है कि यदि बच्चा परीक्षा में शामिल नहीं होता है तो उसके आंतरिक मूल्यांकन पर प्रभाव पड़ सकता है।

अभिभावकों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या निजी विद्यालयों को शासकीय अवकाश की अनदेखी करने का अधिकार है? क्या धार्मिक और सांस्कृतिक पर्वों के प्रति संवेदनशीलता नहीं बरती जानी चाहिए?

प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि माननीय जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को इस विषय पर संज्ञान लेकर स्पष्ट निर्देश जारी करने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

नियम क्या कहते हैं?

शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार निजी विद्यालयों को भी राज्य शासन द्वारा घोषित अनिवार्य अवकाशों का पालन करना होता है। हालांकि कई बार आंतरिक परीक्षाओं या विशेष परिस्थितियों में विद्यालय प्रबंधन वैकल्पिक व्यवस्था का तर्क देते हैं, लेकिन त्योहारों के दिन परीक्षा आयोजित करना सामाजिक दृष्टि से विवाद का विषय बन सकता है।

स्कूल प्रबंधन का पक्ष प्रतीक्षित

इस संबंध में अल्फोंसा कॉन्वेंट स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु समाचार लिखे जाने तक उनका आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। जैसे ही विद्यालय प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होगा, उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

बड़ा सवाल

हिंदू तीज-त्योहारों पर निजी कॉन्वेंट स्कूलों द्वारा परीक्षा आयोजित करना कितना उचित है? क्या यह केवल शैक्षणिक आवश्यकता है या फिर सांस्कृतिक संवेदनशीलता की अनदेखी?

अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव किया जाता है या नहीं।

यशस्वी दुनिया इस विषय पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर