गरोठ/मंदसौर। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान “नशे से दूरी है जरूरी विशेष अभियान 2.0” के तहत मंदसौर जिले की गरोठ थाना पुलिस ने एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। गरोठ पुलिस ने खेत के बाड़े में चोरी-छिपे चल रही MD ड्रग्स (मेफेड्रोन) निर्माण की गुप्त लैब और तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, घातक केमिकल और दो लग्जरी गाड़ियाँ जप्त की हैं।
खेत के बाड़े में चल रहा था ड्रग्स बनाने का काला कारोबार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को सउनि धन्नालाल योगी को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम पावटी में रणजीत सिंह के खेत पर बने बाड़े में अवैध एम.डी. ड्रग्स का निर्माण और खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना मिलते ही गरोठ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना एक सेकंड गँवाए मौके पर दबिश दी।
जब पुलिस टीम ने खेत के बाड़े में छापा मारा, तो वहाँ का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। बाड़े से पुलिस ने 173 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MD ड्रग्स (कीमत ₹1,73,000) तथा ड्रग्स तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कुल 24.570 किलोग्राम घातक केमिकल बरामद किया।
जब्त किए गए खतरनाक केमिकलों का ब्योरा:
- हाइड्रोक्लोरिक एसिड (Hydrochloric Acid): 12 किलो 750 ग्राम (कीमत ₹12,000)
- एमएमए केमिकल (MMA Chemical): 6 किलो 460 ग्राम (कीमत ₹6,000)
- एमडीसी केमिकल (MDC Chemical): 5 किलो 360 ग्राम (कीमत ₹6,000)
वेन्यू और स्वीफ्ट कार समेत 19.50 लाख का मशरूका जप्त
पुलिस ने नशीले पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो लग्जरी कारों और 4 महंगे एंड्रॉयड मोबाइलों को भी मौके से जब्त किया है:
- सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार (MP 14 ZE 2197): कीमत ₹10 लाख
- सफेद रंग की मारुति स्वीफ्ट कार (MP 14 CC 4035): कीमत ₹6 लाख
- चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन: कीमत ₹1.50 लाख
जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत लगभग 19 लाख 47 हजार रुपये आंकी गई है।
2 तस्कर रंगे हाथों गिरफ्तार, 4 शातिर आरोपी फरार
पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है:
- रणजीत सिंह पिता पर्वतसिंह सोंधिया राजपूत (उम्र 30 साल): निवासी पावटी, थाना गरोठ
- ईश्वर सिंह पिता सोदानसिंह सोंधिया राजपूत (उम्र 37 साल): निवासी ढाकनी, थाना गरोठ
वहीं, मामले में संलिप्त 4 अन्य आरोपी फिलहाल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं:
- दीपक गुर्जर: निवासी गोगहटपुर, थाना माचलपुर (जिला राजगढ़)
- विक्रम उर्फ गुड्डू सिंह सोंधिया राजपूत: निवासी बरखेड़ी मिट्ठू
- राजेंद्र सिंह सोंधिया राजपूत: निवासी बरडिया अमरा
- राजू लाला: निवासी सुरजनी, थाना सीतामऊ
इन जांबाजों का रहा सराहनीय योगदान
मादक पदार्थों के इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश करने में पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्री राम स्नेही मिश्रा एवं SDOP गरोठ श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव, सउनि धन्नालाल योगी एवं गरोठ थाना टीम का अत्यंत सराहनीय एवं जांबाज योगदान रहा। पुलिस फरार आरोपियों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

