सीतामऊ: नगर के बस स्टैंड स्थित “उदिया किराना स्टोर्स” में लगी भीषण आग ने रविवार रात विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भयंकर हो चुकी है कि दुकान से उठ रही ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद से ही पूरा बस स्टैंड क्षेत्र अफरा-तफरी और दहशत के माहौल में बदल गया है।

देखिए वीडियो में कैसी भयानक आग लगी है

खाद्य तेल और ज्वलनशील सामान के कारण भड़की आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान में बड़ी मात्रा में किराना सामग्री, खाद्य तेल और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग ने तेजी से विस्तार किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। कई अन्य दुकानों में भी भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए आसपास के व्यापारी अपनी दुकानों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं।

प्रशासनिक सुस्ती: आधे घंटे बाद भी नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड

इस पूरी घटना में सबसे बड़ी लापरवाही फायर ब्रिगेड की सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगे आधा घंटा से अधिक समय बीत जाने के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। इस बीच, स्थानीय पुलिसकर्मियों और सजग नागरिकों ने हिम्मत दिखाते हुए पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मी लगातार एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। सीतामऊ पुलिस जी जान लगाकर आग बुझाने में लगी है और पुलिस की यह सक्रियता वाकई तारीफ के काबिल है, लेकिन आग की भयावहता इतनी अधिक है कि बिना दमकल गाड़ियों के इस पर पूरी तरह काबू पाना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है।

Advertisement

स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि सीतामऊ में जब भी इस तरह की आगजनी की घटना होती है, तब सुवासरा या मंदसौर से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है। वहां से गाड़ी आने में लगने वाले समय के कारण हर बार नुकसान का दायरा बढ़ जाता है। नगरवासियों का खुला आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता और अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा यहां की आम जनता और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। सीतामऊ में आज तक एक स्थायी फायर स्टेशन की व्यवस्था नहीं हो पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

सबसे बड़ी होलसेल दुकानों में से एक है ‘उदिया किराना’

आपको बता दें कि उदिया किराना स्टोर्स को सीतामऊ की सबसे बड़ी होलसेल किराना दुकानों में गिना जाता है। दुकान के अंदर रखे तेल के ड्रमों में आग पकड़ने के कारण धमाके जैसे हालात बन रहे हैं और लपटें और तेज हो रही हैं। धुएं के गुबार के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में भी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल, पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद है और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ सुरक्षा घेरा बनाने में जुटा है। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था और राहत कार्य जारी थे।


Sitamau Police Fighting Fire

सीतामऊ पुलिस ने आग बुझाने में जी जान लगा दी

कंबल ओढ़कर आग बुझाने में जुटे थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति – सलाम है सीतामऊ पुलिस को!

संकट की इस घड़ी में सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति और उनकी टीम ने अदम्य साहस का परिचय दिया। थाना प्रभारी खुद कंबल ओढ़कर आग की लपटों के बीच गए और पानी के टैंकर की मदद से आग बुझाने में जुट गए। उनके साथ अन्य पुलिसकर्मी भी पूरी जान लगाकर आग पर काबू पाने की कोशिश में लगे रहे। सीतामऊ पुलिस की यह सक्रियता और सेवाभाव वाकई में तारीफ और सलाम के काबिल है।

कॉम्प्लेक्स के पीछे कपड़े की दुकान में भी फैली आग

आग का दायरा इतना बढ़ गया कि कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक कपड़े की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। इससे नुकसान का अंदाजा और बढ़ गया है। मंदसौर और सुवासरा से फायर ब्रिगेड को तुरंत बुलाया गया और दमकल गाड़ियों के पहुंचने के बाद आग बुझाने के प्रयास और तेज कर दिए गए हैं।

क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी और विश्वसनीय खबर के लिए पढ़ते रहें ‘यशस्वी दुनिया’।

कैलाश विश्वकर्मा