Explore

Search

February 18, 2026 3:32 am

होली पर भी परीक्षा….? 3 या 4 मार्च की तारीख ने बढ़ाया विवाद, शामगढ़ का अल्फोंसा कान्वेंट स्कूल चर्चा में

शामगढ़। होली के पर्व को लेकर इस बार तारीखों का असमंजस शहर में बड़ा सवाल बन गया है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी सामान्य अवकाश सूची में 3 मार्च को होली का शासकीय अवकाश घोषित किया गया है, जबकि लोक शिक्षण संचालनालय के शैक्षणिक कैलेंडर में 4 मार्च को होली अंकित बताई जा रही है। इसी बीच शहर के प्रतिष्ठित अल्फोंसा कान्वेंट स्कूल द्वारा 3 मार्च को परीक्षा आयोजित किए जाने का टाइम टेबल सामने आने से मामला और तूल पकड़ गया है।

‘यशस्वी दुनिया’ के पास उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, स्कूल के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा परीक्षा कार्यक्रम में 3 मार्च को परीक्षा निर्धारित की गई है। वहीं शासन के अवकाश कैलेंडर में 3 मार्च को स्पष्ट रूप से होली का शासकीय अवकाश दर्शाया गया है। ऐसे में अभिभावकों के सामने दुविधा खड़ी हो गई है—बच्चे होली मनाएं या परीक्षा दें?

दो कैलेंडर, अलग-अलग तारीखें

मामले की जड़ में दो अलग-अलग सरकारी कैलेंडर हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की अवकाश सूची में 3 मार्च को होली का अवकाश है, जबकि लोक शिक्षण संचालनालय के शैक्षणिक कैलेंडर में 4 मार्च को होली दर्शाई गई है। इस विरोधाभास ने न केवल अभिभावकों बल्कि शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी असमंजस में डाल दिया है।

धार्मिक दृष्टि से होली फाल्गुन पूर्णिमा और उसके अगले दिन धुलेंडी के आधार पर मनाई जाती है। कई बार अलग-अलग पंचांगों और प्रशासनिक घोषणाओं के कारण एक दिन का अंतर देखने को मिलता है। यही अंतर अब परीक्षा और अवकाश को लेकर विवाद का कारण बन गया है।

अभिभावकों में आक्रोश और सवाल

कई अभिभावकों का कहना है कि होली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक एकता का प्रतीक है। ऐसे में पर्व के दिन परीक्षा आयोजित करना बच्चों पर मानसिक दबाव डाल सकता है। वहीं कुछ अभिभावकों का यह भी तर्क है कि यदि लोक शिक्षण संचालनालय ने 4 मार्च को होली दर्शाई है, तो स्कूल का 3 मार्च को परीक्षा लेना नियमविरुद्ध कैसे माना जाए?

स्कूल प्रशासन से संपर्क नहीं हो सका

इस संबंध में स्कूल प्रशासन का पक्ष जानने के लिए ‘यशस्वी दुनिया’ द्वारा फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक अल्फोंसा कान्वेंट स्कूल से संपर्क स्थापित नहीं हो सका। स्कूल प्रबंधन की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

प्रशासन की भूमिका पर निगाहें

अब बड़ा प्रश्न यही है कि अंतिम रूप से किस कैलेंडर को मान्य माना जाए—शासन की सामान्य अवकाश सूची को या लोक शिक्षण संचालनालय के शैक्षणिक कैलेंडर को? क्या निजी स्कूलों को शासन के सामान्य अवकाश का पालन अनिवार्य रूप से करना होता है, या वे शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार निर्णय ले सकते हैं?

पूरा मामला अब जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की स्पष्टता पर टिका है। अभिभावक चाहते हैं कि जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी इस विषय में स्पष्ट निर्देश जारी करें, ताकि बच्चों की पढ़ाई और त्योहार दोनों प्रभावित न हों।

फिलहाल शहर में यह मुद्दा चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। सभी की निगाहें प्रशासनिक स्पष्टीकरण पर टिकी हैं, जिससे यह तय हो सके कि होली 3 मार्च को मानी जाएगी या 4 मार्च को, और परीक्षा का टाइम टेबल सही है या शासन का अवकाश कैलेंडर।

संकुल प्रभारी बाबूलाल जांगड़ा द्वारा बताया गया कि चुकी लोक शिक्षण संचनालय शैक्षणिक कैलेंडर में होली 4 तारीख की दी गई है इस कारण 3 तारीख को अल्फोंसा स्कूल द्वारा परीक्षा रखी गई होगी

‘यशस्वी दुनिया’ इस मामले पर प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आते ही पाठकों को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएगा।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर