गरोठ (Garoth): नगर के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर एक बहुत बड़ी और अहम खबर सामने आई है। आज 15 मई 2026 को गरोठ नगर परिषद (Garoth Nagar Parishad) के सभाकक्ष में पीआईसी (PIC) और साधारण सम्मेलन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर अध्यक्ष श्री राजेश सेठिया और सीएमओ श्री गिरीश शर्मा की मौजूदगी में नगर के विकास से जुड़े करोड़ों रुपये के प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई है। इस दौरान सीसी रोड, नाली निर्माण, घाट निर्माण, गार्डन विस्तारीकरण और पेवर ब्लॉक सहित कई अहम जनहितकारी फैसलों को हरी झंडी दी गई।

इन वार्डों में होगा सीसी रोड और नाली का निर्माण

बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों की बुनियादी सुविधाओं को सुधारने पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया। जिन प्रमुख मार्गों और वार्डों के लिए सीसी रोड (CC Road) और नाली निर्माण को स्वीकृति मिली है, वे इस प्रकार हैं:

  • वार्ड क्रमांक 05 एवं 07: गांधी चौक से सदर बाजार तक सीमेंट कांक्रीट (CC) रोड का निर्माण किया जाएगा। साथ ही वार्ड 07 की अन्य विभिन्न गलियों में भी सीसी रोड बनेंगे।
  • वार्ड क्रमांक 09: अशोक बैरागी के मकान से लेकर बोलिया रोड तक नए सीमेंट कांक्रीट रोड के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
  • वार्ड क्रमांक 10: नर्मदाशंकर पाण्डे वाली गली में सीसी रोड के साथ-साथ जल निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य भी होगा।
  • वार्ड क्रमांक 01: नंदकिशोर रत्नावत के मकान से महामृत्युंजय मंदिर तक एक बड़ा आरसीसी (RCC) नाला बनाया जाएगा ताकि जलभराव की समस्या खत्म हो सके।
  • वार्ड क्रमांक 08: इस वार्ड की विभिन्न गलियों में भी सीसी रोड बनाए जाएंगे।
Garoth Nagar Parishad PIC Meeting

धार्मिक स्थलों और पर्यटन का होगा सौंदर्यीकरण

नगर परिषद की इस बैठक में सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि गरोठ की पहचान रहे धार्मिक और पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष फोकस किया गया है।

Advertisement

  • अंजनी नदी और घाट निर्माण: शहर की अंजनी नदी के सौंदर्यीकरण और वहां एक भव्य घाट निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इससे आने वाले समय में गरोठ को एक नई पर्यटन पहचान मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा अंजनी उद्यान पार्क में भी अतिरिक्त कार्य करवाए जाएंगे।
  • महाराणा प्रताप गार्डन: नगर के प्रमुख आकर्षण केंद्र ‘महाराणा प्रताप गार्डन’ का विस्तारीकरण किया जाएगा ताकि शहरवासियों को एक बेहतर और बड़ा सुविधायुक्त पार्क मिल सके।

शहर के प्रमुख मार्गों का होगा कायाकल्प

नगर के यातायात और मुख्य बाजारों को व्यवस्थित करने के लिए भी कई बड़े फैसले लिए गए हैं। शितला माता मंदिर चौक से भानपुरा रोड तक और अग्रवाल नेहरा से गांधी चौक मार्ग तक पक्की सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्ग ‘शामगढ़ नाका’ से लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय तक पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे सड़क किनारे का हिस्सा सुंदर और व्यवस्थित दिखेगा।

पंचायत भवन से शामगढ़ रोड तक सीसी रोड और नाली निर्माण पर भी फैसला लिया गया है। वहीं, बोलिया रोड से छागलदेव महाराज मंदिर तक सीसी रोड और नाली निर्माण के साथ ही, शामगढ़ रोड से छागलदेव महाराज मंदिर तक डामरीकरण (Asphalting) का कार्य भी किया जाएगा।

बाजार विकास और अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और शहर को व्यवस्थित करने के लिए नवीन बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय के पास खाली पड़ी जमीन पर नई दुकानों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा बोलिया रोड स्थित हाट बाजार में सुरक्षा की दृष्टि से प्री-कास्ट बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी किया जाएगा। बैठक में मलीन बस्ती विकास कार्यों के लिए आश्रय शुल्क व्यय और भवन/भूमि नामांतरण के लंबित प्रकरणों पर भी चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

ये रहे मौजूद

इस अहम बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष श्री राजेश सेठिया, उपाध्यक्ष श्री महेश मालवीय, सीएमओ श्री गिरीश शर्मा के अलावा पार्षदगण—श्रीमती सरोज-धमेन्द्र शर्मा, श्री राजु मगर, श्री अर्जुन बागरी, श्रीमती रेखा पुरी गोस्वामी, श्री सतीश गुजराती, श्री राजेश चौधरी उपस्थित रहे। साथ ही सांसद प्रतिनिधि श्री दीपक मांदलिया, एल्डरमेन श्री अशोक पहलवान, श्री दिनेश पाटीदार, श्री कैलाश धनोतिया, डॉ. नारायणसिंह चौहान और नगर परिषद् गरोठ के उपयंत्री राहुल गणावा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

गरोठ नगर और जिले की ऐसी ही तमाम अहम विकास कार्यों की अपडेट के लिए ‘यशस्वी दुनिया’ के साथ जुड़े रहें।

कैलाश विश्वकर्मा