शामगढ़: पर्यावरण संरक्षण और सेहत का संदेश लेकर ‘शामगढ़ यूथ साइकिलिंग एसोसिएशन’ (SYCA) ने शहर में एक बार फिर भव्य साइकिल यात्रा का आयोजन किया। 25 किलोमीटर लंबी इस यात्रा को नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता नरेंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कई शहरों के साइकिलिस्ट वर्चुअली जुड़े
इस बार की यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें शामगढ़ के सैकड़ों लोगों के साथ-साथ इंदौर, उज्जैन, देवास, भोपाल और बॉम्बे (मुंबई) के साइकिलिस्ट भी वर्चुअल माध्यम (डिजिटल ऐप) से जुड़े और इस मुहिम का हिस्सा बने।
प्रशासनिक अधिकारियों और डॉक्टर ने संभाली कमान
यात्रा में युवाओं के साथ-साथ शहर के ज़िम्मेदार अधिकारियों ने भी पैडल मारकर जोश भरा। मंदसौर सिटी कोतवाली टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर, शामगढ़ टीआई कपिल सौराष्ट्रीय और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अमित धनोतिया के नेतृत्व में सैकड़ों साइकिल चालक सड़कों पर उतरे। पूरी यात्रा के दौरान देशभक्ति और पर्यावरण के नारे गूंजते रहे।
मिडिल स्कूल ग्राउंड पर हुआ भव्य समापन
शामगढ़, मेलखेड़ा, कंकाली माता मंदिर मानपुरा, आकली शिवदास, सगोरिया होते हुए हुई यह 25 किलोमीटर की साइकिल यात्रा मिडिल स्कूल ग्राउंड पर समाप्त हुई। समापन समारोह के मंच पर नपा अध्यक्ष श्रीमती कविता नरेंद्र यादव, मंदसौर टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर, शामगढ़ टीआई कपिल सौराष्ट्रीय, डॉ. अमित धनोतिया और राजेंद्र सिसोदिया आसीन रहे।
“साइकिल चलाना सेहत और प्रकृति दोनों के लिए वरदान” – नपा अध्यक्ष
अपने प्रेरणादाई उद्बोधन में नपा अध्यक्ष कविता नरेंद्र यादव ने शामगढ़ यूथ साइक्लिस्ट एसोसिएशन (SYCA) संगठन की सराहना करते हुए कहा, “साइकिल चलाना हमारे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए बेहद फायदेमंद है। आज जब बड़े शहरों के साइकिलिस्ट भी वर्चुअली शामगढ़ से जुड़े हैं, तो यह साबित होता है कि अच्छी सोच की कोई सीमा नहीं होती। साइकिलिंग को हमें अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”
शामगढ़ टीआई और डॉ. धनोतिया ने भी इस आयोजन को शहर की सेहत के लिए एक बेहतरीन मील का पत्थर बताया। अंत में सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण बचाने और रोज़ साइकिल चलाने का संकल्प दिलाया गया।
प्रतिभागियों का सम्मान और पुरस्कार वितरण
नगर परिषद द्वारा तीन बालिकाओं (अंशिका राठौर, आरोही नागर, क्रिस्टल मुजावदिया) एवं बालक श्रेष्ठ दानगढ़ को सम्मानित किया गया। वहीं लकी ड्रा के माध्यम से 12 साइकिलिस्ट को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किये गए एवं सभी 60 प्रतिभागी साइकिलिस्ट को मेडल से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मुकेश दानगढ़ ने किया एवं आभार संस्था के कॉर्डिनेटर नितिन चौधरी ने माना।
देश, दुनिया और मध्य प्रदेश की ताज़ा और प्रामाणिक ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।

