मंदसौर, 13 दिसंबर 2024: प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्य शासन द्वारा निर्देशित जन कल्याण अभियान के तहत मंदसौर के गांधी चौराहा पर सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में क्या है खास?
इस प्रदर्शनी में राज्य सरकार द्वारा पिछले एक वर्ष में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया गया है। नागरिकों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया जा रहा है और उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो रही है।
जन कल्याण अभियान का संचालन
मंदसौर जिले में 11 दिसंबर से 26 जनवरी 2025 तक “जन कल्याण अभियान” संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। शिविरों में प्राप्त आवेदनों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर अपलोड कर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
45 योजनाओं की 63 सेवाएं
जन कल्याण अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार की 45 योजनाओं की 63 सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। जो पात्र हितग्राही अब तक इन योजनाओं से वंचित थे, उन्हें चिन्हित कर लाभ पहुंचाया जा रहा है।