शामगढ़: यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और अपार खुशी का विषय है कि शामगढ़ की बेटी वायु सेना में चयनित हुई है। पूर्व सैनिक श्रवण सिंह देवड़ा की सुपुत्री चांदनी कुंवर देवड़ा (ठिकाना बापचा, शामगढ़) का चयन भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) के X ग्रुप में हुआ है।

मध्य प्रदेश में हासिल की दूसरी रैंक

चांदनी कुंवर देवड़ा ने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और अनुशासन के बल पर यह शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने पूरे मध्य प्रदेश में द्वितीय (Second) रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। सबसे बड़ी बात यह है कि वे मंदसौर जिले की शामगढ़ तहसील से वायु सेना के X ग्रुप में चयनित होने वाली प्रथम महिला बन गई हैं।

रॉयल एकेडमी, शामगढ़ से की शिक्षा पूरी

चांदनी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी रॉयल एकेडमी, शामगढ़ से की। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता से परिवार, विद्यालय तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का माहौल है। ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Advertisement

बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी चांदनी

पूर्व सैनिक पिता श्रवण सिंह देवड़ा ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि को पूरे परिवार के लिए एक गौरवशाली क्षण बताया। चांदनी की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है। यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प एवं निरंतर मेहनत से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है, चाहे वह कितना भी कठिन क्यों न हो।


श्याम राठौर – संवाददाता श्याम राठौर (शामगढ़)

देश, दुनिया और मध्य प्रदेश की ताज़ा ख़बरों के लिए यशस्वी दुनिया (Yashasvi Duniya) से जुड़े रहें।

कैलाश विश्वकर्मा