कोटा/पश्चिम मध्य रेल। भारतीय रेलवे से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी खबर सामने आई है। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन (कोटा मंडल सहित) ने काउंटर से तत्काल टिकट (Tatkal Reservation Ticket) लेने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए टोकन वितरण व्यवस्था और उसके समय-सारणी (Time Table) में बड़ा बदलाव किया है। यह नई पारदर्शी और सुव्यवस्थित व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से कोटा मंडल सहित पश्चिम मध्य रेलवे के सभी स्टेशनों और आरक्षण केंद्रों पर लागू हो जाएगी।

अब 2 बार चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति: जानिए टोकन का नया समय

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य तत्काल टिकट काउंटर पर दलालों की मनमानी खत्म करना और आम यात्रियों को पारदर्शी व सुगम तरीके से टिकट उपलब्ध कराना है। अब टोकन वितरण तत्काल आरक्षण शुरू होने के समय के ठीक अनुरूप किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आरक्षण केंद्र के बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

  • एसी श्रेणी (AC Class Tatkal): टोकन का समय सुबह 08:30 बजे से 09:00 बजे तक रहेगा। (प्रति काउंटर अधिकतम 10 टोकन)
  • नॉन-एसी श्रेणी (Sleeper/Non-AC Tatkal): टोकन का समय सुबह 09:00 बजे से 09:30 बजे तक रहेगा। (प्रति काउंटर अधिकतम 15 टोकन)

(नोट: स्थानीय आवश्यकता और स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ के अनुसार टोकन की संख्या में संशोधन किया जा सकेगा।)

Advertisement

Sardar Patel Hospital Advertisement

दो श्रेणियों में बंटेगी प्राथमिकता: ‘कैटेगरी A’ वालों को पहले मिलेगा टिकट

तत्काल आरक्षण प्रक्रिया को अधिक न्यायसंगत बनाने के लिए रेलवे ने टोकन वितरण में दो प्राथमिकता श्रेणियां (Priority Categories) निर्धारित की हैं:

  1. श्रेणी ‘A’ (पहला अधिकार): इसमें उन यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी जो स्वयं अपने लिए या अपने सगे परिवार के सदस्यों के लिए टिकट बुक करा रहे हैं।
  2. श्रेणी ‘B’ (दूसरा अवसर): इसमें अन्य सभी प्रतिनिधि या यात्री शामिल होंगे। श्रेणी ‘B’ के यात्रियों को मौका तभी मिलेगा जब श्रेणी ‘A’ के सभी यात्रियों की बुकिंग पूरी हो जाएगी।

टोकन धारक सभी यात्रियों की बुकिंग पूरी होने के बाद भी यदि तत्काल सीटें बचती हैं, तो अन्य शेष यात्रियों को ‘पहले आओ, पहले पाओ’ (First Come, First Served) के आधार पर टिकट जारी किए जाएंगे।

आईडी प्रूफ लाना अनिवार्य, टोकन नहीं होगा ट्रांसफर

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तत्काल टोकन प्राप्त करने के लिए यात्री को अपना आधार कार्ड (Aadhaar Card) या रेलवे द्वारा मान्य कोई अन्य मूल फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। यदि कोई व्यक्ति परिवार के सदस्य के लिए टिकट ले रहा है, तो उसे पारिवारिक रिश्ते की पुष्टि करने वाला पहचान पत्र भी साथ रखना होगा।

साथ ही, जारी किया गया टोकन किसी भी स्थिति में गैर-हस्तांतरणीय (Non-Transferable) होगा। टिकट केवल उसी व्यक्ति के नाम जारी किया जाएगा जिसके नाम पर टोकन कटा है। रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से 1 अगस्त से नई समय-सारणी के अनुसार ही स्टेशन पहुँचने की अपील की है।

कैलाश विश्वकर्मा