कोटा/बारां। बारां जिले के किसानों, व्यापारियों एवं कृषि आधारित उद्योगों के लिए बड़ी राहत के रूप में सुन्दलक गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (बीजीपीएस) से पहली घरेलू (डोमेस्टिक) कंटेनर रेक का सफल संचालन किया गया। इस नई सुविधा से क्षेत्र की कृषि उपज एवं अन्य उत्पाद अब देश के दूरस्थ बाजारों तक तेज, सुरक्षित और किफायती रेल परिवहन के माध्यम से पहुंचाए जा सकेंगे।
पहली घरेलू कंटेनर रेक में मैसर्स भगवत प्रॉपर्टीज एलएलपी (बीजीपीएस) द्वारा 45 बीएलसी (बोगी लो कंटेनर) वैगनों में 2670.50 टन गेहूं का लदान कर व्हाइटफील्ड सैटेलाइट गुड्स टर्मिनल, बेंगलुरु के लिए रवाना किया गया। इससे दक्षिण भारत के बड़े उपभोक्ता बाजारों तक राजस्थान के गेहूं की सीधी पहुंच सुनिश्चित हुई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि कंटेनर आधारित रेल परिवहन से माल की सुरक्षा बेहतर रहती है तथा बड़ी मात्रा में सामान एक साथ कम लागत में लंबी दूरी तक भेजा जा सकता है। इससे परिवहन समय में कमी आने के साथ व्यापारियों की लॉजिस्टिक लागत भी घटेगी और किसानों को अपनी उपज के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध होंगे। भविष्य में नियमित कंटेनर रेक संचालन से क्षेत्र के व्यापार, कृषि एवं उद्योगों को और अधिक गति मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इस रेक के संचालन से रेल प्रशासन को 48.44 लाख रुपये का मालभाड़ा प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि सुन्दलक गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का शुभारंभ 17 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के अंतर्गत निजी क्षेत्र के सहयोग से किया गया था। यह आधुनिक बहुविध कार्गो टर्मिनल दक्षिण-पूर्व राजस्थान के किसानों, व्यापारियों एवं उद्योगों को रेल मार्ग से माल परिवहन की आधुनिक एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध करा रहा है।
रेल प्रशासन का उद्देश्य इस टर्मिनल से नियमित घरेलू कंटेनर सेवाओं का विस्तार करना है, ताकि क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद देश के विभिन्न राज्यों तक प्रतिस्पर्धी लागत पर पहुंचाने की बेहतर सुविधा मिल सके। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, नए व्यावसायिक अवसर विकसित होंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।


