कोटा: भारतीय रेलवे ने अपनी चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे भर्ती में बड़ा बदलाव करते हुए यह तय किया गया है कि अब रेलवे की सभी विभागीय परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी – CBT) के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इससे पूरी प्रक्रिया और भी अधिक सशक्त बनेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की भर्ती प्रक्रिया को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्य रूप से भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक तेज, पारदर्शी और पूरी तरह से तकनीक आधारित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत, भारतीय रेलवे ने विभागीय परीक्षाओं में टैबलेट आधारित टेस्टिंग का दायरा बढ़ाने का भी निर्णय लिया है। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक सटीक, समयबद्ध और प्रभावी बन सकेगी।

वित्त वर्ष 2025-26 में हुई बंपर भर्तियां

बैठक के दौरान बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया में उल्लेखनीय गति लाते हुए 6 प्रमुख श्रेणियों में कुल 47,084 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की है। इसके परिणामस्वरूप 43,781 अभ्यर्थियों को नियुक्तियां भी प्रदान की गईं।

Advertisement

इन पदों पर हुई प्रमुख नियुक्तियां:

  • सर्वाधिक 18,799 नियुक्तियां असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के पदों पर हुईं।
  • 14,298 नियुक्तियां टेक्नीशियन (Technician) पदों पर की गईं।
  • इसके अतिरिक्त 452 सब-इंस्पेक्टर (SI) व कॉन्स्टेबल (Constable) के पदों पर नियुक्तियां हुईं।
  • 4,208 जूनियर इंजीनियर (JE) तथा 1,376 पैरामेडिकल श्रेणी के पदों पर भी योग्य उम्मीदवारों की नियुक्तियां की गईं।

पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल द्वारा जारी इस प्रेस विज्ञप्ति से स्पष्ट है कि रेलवे अपने कर्मचारियों के चयन और पदोन्नति को डिजिटल युग के अनुरूप ढालने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

कैलाश विश्वकर्मा