रिपोर्ट: कैलाश विश्वकर्मा (संपादक, यशस्वी दुनिया)
शामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘रॉकी राइडर’ निकला लोकल MD सप्लायर, थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय को मिली बड़ी सफलता

शामगढ़ (मंदसौर): जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पहली बार एक लोकल एमडी (MD) सप्लायर पुलिस के हत्थे चढ़ा है। आरोपी की पहचान मधुर कॉलोनी, शामगढ़ निवासी अंकित पिता गोपाल विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जिसके पास से पुलिस ने 68 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की है।
‘रॉकी राइडर’ के नाम से चर्चित था आरोपी
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकित इलाके में ‘रॉकी राइडर’ के नाम से काफी मशहूर था। वह महंगी स्पोर्ट्स बाइक चलाने का शौकीन था और इसी की आड़ में युवाओं के बीच एमडी ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था। इस लोकल सप्लायर की गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
कांबिंग गश्त में मिली सफलता
यह महत्वपूर्ण कार्रवाई बीती रात मंदसौर पुलिस द्वारा की गई सघन कॉम्बिंग गश्त के दौरान हुई। शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर इस तस्कर को धर दबोचा।
रेलवे स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी, राजस्थान से जुड़ा नेटवर्क
पुलिस के आधिकारिक विवरण के अनुसार, 21 मई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना शामगढ़ पुलिस ने रेलवे स्टेशन शामगढ़ के पास घेराबंदी की। यहाँ से आरोपी अंकित को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 68 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स और 5 किलो अवैध डोडाचूरा भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी अंकित ने एक बड़ा खुलासा किया है। उसने बताया कि वह यह एमडी ड्रग्स पाउडर राजस्थान के झालावाड़ जिले से लाता था। उसने यह ड्रग्स ग्राम दुधालिया (थाना डग, जिला झालावाड़) निवासी फरदीन पिता आजाद खान से खरीदना बताया है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने फरदीन को भी मामले में सह-आरोपी बनाया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना शामगढ़ पर NDPS एक्ट की धारा 8/22, 29, 15 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
आरोपियों का विवरण:
- गिरफ्तार आरोपी: अंकित पिता गोपाल विश्वकर्मा (उम्र 22 साल), निवासी मधुर कॉलोनी, शामगढ़।
- फरार आरोपी: फरदीन पिता आजाद खान, निवासी ग्राम दुधालिया, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान)।
पहली बार पकड़ाया लोकल सप्लायर
शामगढ़ पुलिस के अनुसार, इस क्षेत्र में अब तक एमडी ड्रग्स के जितने भी बड़े मामले सामने आए थे, उनमें अक्सर किसी न किसी फैक्ट्री का संचालक, बड़ा मैन्युफैक्चरर या कोई बाहरी बड़ा सप्लायर ही पकड़ा गया था। लेकिन, शामगढ़ इलाके के भीतर युवाओं को सीधे ड्रग्स मुहैया कराने वाले किसी “लोकल सप्लायर” का पकड़ा जाना पहली बार हुआ है।
जांच और पूछताछ जारी
पुलिस अब आरोपी ‘रॉकी राइडर’ (अंकित) से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह लोकल सप्लायर एमडी ड्रग्स की खेप कहाँ से और किस बड़े तस्कर से लेकर आता था, तथा इलाके में किन-किन युवाओं या छोटे पैडलर्स को इसकी सप्लाई की जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप का माहौल है।
हाई-प्रोफाइल परिवारों के बच्चों को करता था सप्लाई
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अंकित विश्वकर्मा (‘रॉकी राइडर’) शामगढ़ में कई बड़े और हाई-प्रोफाइल परिवारों के बच्चों को एमडी ड्रग्स की सप्लाई करता था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से शहर के कई रसूखदार परिवारों में बेचैनी है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस पूछताछ में इस लोकल सप्लायर द्वारा कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं, जो ड्रग्स के इस काले कारोबार से जुड़े हुए हैं।
महत्वपूर्ण लिंक (Important Links):
- हाल ही में हुई अन्य पुलिस कार्रवाई पढ़ें: मंदसौर पुलिस की कॉम्बिंग गश्त: 116 वारंटी गिरफ्तार
- क्राइम से जुड़ी अन्य खबरों के लिए: Crime News – Yashasvi Duniya
- मंदसौर जिले की ताज़ा खबरें: Mandsaur News
क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी और अपराध जगत की खबरों के लिए जुड़े रहें ‘यशस्वी दुनिया’ के साथ।