आगर मालवा जिले में बड़ौद पुलिस की बड़ी कार्यवाही सामने आई है। लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे एक शातिर अपराधी को बड़ौद पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया है। यह गिरफ्तारी विशेष अभियान के तहत फरार अपराधियों एवं लंबित स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के अंतर्गत की गई है।

विशेष अभियान के तहत पुलिस की सख्ती

जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं लंबे समय से फरार अपराधियों की धरपकड़ हेतु पुलिस अधीक्षक आगर मालवा, श्री दिलीप कुमार सोनी द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाकर लंबित स्थाई वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र कुमार बोयट एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आगर श्री मोतीलाल कुशवाहा के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी बड़ौद निरीक्षक रूप सिंह बैस के नेतृत्व में थाना बड़ौद पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे ₹10,000 के इनामी स्थाई वारंटी श्यामसिंह उर्फ शेरा को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।

Advertisement

अपराध का विवरण

थाना बड़ौद अंतर्गत वर्ष 2020 में आरोपी श्याम सिंह उर्फ शेर पिता अंदर सिंह सोंधिया (उम्र 40 वर्ष, निवासी बनोटी खुर्द, थाना बड़ौद, जिला आगर मालवा) के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 363/2020 धारा 8/27 एनडीपीएस एक्ट, आरसीटी क्रमांक 872/2021 का प्रकरण माननीय न्यायालय में विचाराधीन है।

आरोपी पर घोषित था ₹10,000 का इनाम

प्रकरण में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था तथा गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से लगातार अलग-अलग स्थानों पर रहकर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु थाना बड़ौद पुलिस द्वारा लगातार पतारसी की जा रही थी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा गया था। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक आगर मालवा द्वारा आरोपी की गिरफ़्तारी पर ₹10,000 का इनाम भी घोषित किया गया था।

अस्पताल क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी

इसी दौरान पुलिस को आरोपी के सरकारी अस्पताल बड़ौद क्षेत्र में होने संबंधी विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

  • गिरफ्तार आरोपी: श्याम सिंह उर्फ शेर पिता अंदर सिंह सोंधिया (उम्र 40 वर्ष, निवासी बनोटी खुर्द, थाना बड़ौद)।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस बड़ौद पुलिस की बड़ी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रूपसिंह बैस, सउनि हरीनारायण सोलंकी, प्रधान आरक्षक अर्जुन बागड़ी, श्रीपाल सिंह, शुभम जोशी एवं राहुल विश्वकर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

कैलाश विश्वकर्मा