जबलपुर (यशस्वी दुनिया न्यूज़): बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। ताजा जानकारी के अनुसार, अब तक 6 शवों को बरामद किया जा चुका है, जबकि 19 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक, अभी भी 15 से अधिक लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में SDRF की टीमें गोताखोरों की मदद से गहरे पानी में सर्चिंग कर रही हैं।

गैस कटर से क्रूज को काटकर बचाई गई जान

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक चमत्कारी खबर सामने आई है। SDRF की टीम ने गैस कटर की मदद से डूबे हुए क्रूज के एक हिस्से को काटकर एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। यह व्यक्ति पिछले 3 घंटे से क्रूज के अंदर फंसा हुआ था। अंधेरा और अचानक हुई बारिश के बावजूद बचाव दल ने हार नहीं मानी और उसे मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया।

एक ही परिवार के 15 लोग थे सवार

हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खमरिया क्षेत्र का एक ही परिवार इस हादसे का शिकार हुआ है। आयुध निर्माणी खमरिया (OFK) के कर्मचारी कामराज आर्य अपने परिवार के 15 सदस्यों के साथ पिकनिक मनाने आए थे। जानकारी के अनुसार, कामराज, उनकी पत्नी और एक बेटा अभी भी लापता हैं, जबकि उनके एक बेटे को सुरक्षित बचा लिया गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किनारे पर अपने अपनों की राह देख रहे हैं।

Advertisement

किनारे से महज 300 मीटर की दूरी पर डूबा क्रूज

पुलिस प्रशासन के अनुसार, हादसा डैम के किनारे से महज 300 मीटर की दूरी पर हुआ। बरगी सिटी एसपी (CSP) अंजुल मिश्रा ने बताया कि अचानक आई तेज आंधी ने क्रूज का संतुलन बिगाड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हवा इतनी तेज थी कि क्रूज के यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पायलट का बयान: ‘लाइफ जैकेट पहनने तक का समय नहीं मिला’

क्रूज के पायलट महेश, जो पिछले 10 वर्षों से क्रूज चला रहे हैं, ने बताया कि क्रूज में सभी सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त लाइफ जैकेट मौजूद थे। लेकिन आंधी-तूफान इतनी तेजी से आया कि लहरों ने क्रूज को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने तक का मौका नहीं मिल सका और अफरा-तफरी के बीच क्रूज पानी में समा गया।

20 साल पुराने क्रूज पर उठे सवाल

हादसे के बाद यह बात भी सामने आई है कि दुर्घटनाग्रस्त क्रूज का निर्माण वर्ष 2006 में किया गया था, यानी यह करीब 20 साल पुराना है। हालांकि इसकी क्षमता 60 यात्रियों की थी और हादसे के समय इसमें 40 से 45 लोग सवार थे, लेकिन तकनीकी फिटनेस और पुराने उपकरणों को लेकर अब जांच की जा रही है।

प्रशासन का अलर्ट: जिला प्रशासन ने मौके पर कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। SDRF और स्थानीय गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। यशस्वी दुनिया की टीम मौके पर मौजूद है और आप तक पल-पल की जानकारी पहुंचाती रहेगी।

नोट: बरगी डैम हादसे से जुड़ी किसी भी जानकारी या मदद के लिए जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

कैलाश विश्वकर्मा