आगर मालवा (म.प्र.)। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “मुस्कान अभियान” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक आगर मालवा दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा के मार्गदर्शन में जिले में गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश एवं दस्तयाबी हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना बड़ौद पुलिस द्वारा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए एक गुमशुदा नाबालिग बालिका को मात्र 5 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।

दिनांक 17/06/2026 को थाना बड़ौद क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए चले जाने संबंधी सूचना प्राप्त हुई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना बड़ौद पर तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रूप सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

गठित टीम द्वारा बालिका की तलाश हेतु संभावित स्थानों पर तत्काल पतारसी प्रारंभ की गई। साथ ही उपलब्ध तथ्यों का विश्लेषण कर तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया गया एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार किए गए प्रयासों एवं प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप नाबालिग बालिका के उज्जैन शहर स्थित विनायक कॉलोनी क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां होने की जानकारी प्राप्त हुई।

Advertisement

प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर अभिरक्षा में लिया गया। आवश्यक पूछताछ एवं वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की सुरक्षित दस्तयाबी जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा ऐसे प्रकरणों में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रूप सिंह बैस के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, प्रधान आरक्षक सतीश मोदी, प्रधान आरक्षक दिलीप भाटी, प्रधान आरक्षक हेमन्त सिसोदिया, प्रधान आरक्षक अर्जुन बागड़ी एवं महिला आरक्षक वंदना सेन की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

कैलाश विश्वकर्मा