
शामगढ़, 12 जून 2025 – संसाधनों की कमी और चुनौतियों के बीच भी शामगढ़ सिविल हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने मानवीय सेवा और चिकित्सा समर्पण की मिसाल पेश की। डॉ. मनीष दानगढ़ (BMO) और महिला चिकित्सक डॉ. मनोहरी ठोलिया की सतत निगरानी और मेहनत से बुधवार रात एक महिला की सफल नॉर्मल डिलीवरी कराई गई, जिससे एक स्वस्थ बालिका का जन्म हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीना पति समीर निवासी शामगढ़ को कल शाम 5 बजे प्रसव पीड़ा होने पर सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। भर्ती के बाद महिला का ब्लड प्रेशर बढ़ गया, जिससे स्थिति थोड़ी चिंताजनक हो गई। यह करीना की पहली डिलीवरी थी, और परिस्थितियां जटिल होती जा रही थीं।
हालांकि, डॉ. मनीष दानगढ़, डॉ. मनोहरी और हॉस्पिटल की स्टाफ नर्सों ने महिला को निरंतर चिकित्सकीय निगरानी में रखा और 9 घंटे तक लगातार प्रयास करते हुए नॉर्मल डिलीवरी संभव कराई। यह डिलीवरी रात 2 बजे के आसपास पूरी हुई, जिसमें एक स्वस्थ कन्या का जन्म हुआ।
बच्ची के पिता समीर ने बताया,
“डॉक्टर मनीष और डॉक्टर मनोहरी ने मेरी पत्नी की हालत को गंभीरता से लिया और लगातार हमें भरोसा दिलाते रहे कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने न केवल मेरी पत्नी को हिम्मत दी, बल्कि मुझे भी मानसिक संबल प्रदान किया। मैं उनका जीवन भर आभारी रहूंगा।”
संसाधनों की कमी के बीच सेवा का संकल्प
शामगढ़ सिविल हॉस्पिटल में आवश्यक चिकित्सकीय संसाधनों की भारी कमी है। ऐसी स्थिति में यह कार्य और भी उल्लेखनीय हो जाता है। यहां महिला रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, और हृदय रोग विशेषज्ञ जैसे विशेषज्ञों की सख्त आवश्यकता है। मरीजों की बढ़ती संख्या और जटिल मामलों को देखते हुए डॉक्टरों को कई बार मरीज़ों को रेफर करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन तो मिलते हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस संसाधन नहीं पहुंचते। इसके बावजूद, डॉ. मनीष दानगढ़ और डॉ. मनोहरी जैसे समर्पित चिकित्सकों के प्रयासों से कई गंभीर मामलों का इलाज स्थानीय स्तर पर ही हो रहा है।
जनता और जनप्रतिनिधियों से अपील
जनता की मांग है कि शामगढ़ सिविल हॉस्पिटल को जल्द से जल्द आवश्यक संसाधन और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध कराए जाएं ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और हर बार रैफर होने की आवश्यकता न पड़े। ऐसे डॉक्टरों को सम्मानित करना और उनके कार्य को समर्थन देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
